https://hakikataaptak.online/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़
Trending

सपा का भाजपा पर तीखा हमला: लखनऊ अग्निकांड को लेकर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की माँग

​'एनकाउंटर' और 'पेपर लीक' के बहाने देवबंद की पीडीए पंचायत में गरमाई सूबे की राजनीति

​विशेष ब्यूरो, देवबंद

उत्तर प्रदेश के देवबंद में आयोजित समाजवादी पार्टी (सपा) की ‘पीडीए पंचायत’ में विपक्षी तेवर बेहद तीखे नजर आए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा ने प्रदेश की भाजपा सरकार को चौतरफा घेरते हुए ‘जनविरोधी’ करार दिया। लखनऊ में हुए दर्दनाक अग्निकांड में छात्रों की मौत पर गहरा दुःख जताते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नैतिक जिम्मेदारी लेने और तत्काल प्रभाव से अपने पद से इस्तीफा देने की माँग की।

​सपा नेता ने दोटूक शब्दों में कहा, “लखनऊ का अग्निकांड पूरे देश को झकझोर देने वाला है। इस घटना में सरकार की घोर लापरवाही उजागर हुई है। मासूम छात्रों की मौत पर प्रदेश की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी।”

 

​”इंसाफ माँगने पर मिलती हैं लाठियां”

​युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि आज देश और प्रदेश में युवाओं का भविष्य अंधकार में है। परीक्षा होने से पहले ही पेपर लीक हो जाना एक आम बात बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया, “जब प्रदेश का छात्र अपने हक और इंसाफ के लिए आवाज उठाता है, तो यह सरकार उन पर लाठियां बरसाती है। यह सीधे तौर पर लोकतंत्र और संविधान की हत्या है।”

​इस दौरान उन्होंने बड़ा चुनावी दांव खेलते हुए घोषणा की कि आगामी सपा सरकार में ‘हर घर के एक युवक को नौकरी’ देना सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पक्की गारंटी है।

 

​एनकाउंटर और जातिगत उत्पीड़न का लगाया आरोप

​प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मंत्री ने सरकार की कानून-व्यवस्था की नीति पर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में बेगुनाह लोगों के एनकाउंटर किए जा रहे हैं, जिसमें सबसे ज्यादा निशाना ब्राह्मण, दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज को बनाया जा रहा है। विश्वकर्मा ने विशेष रूप से कहा, “उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण समाज के युवाओं को टारगेट कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे जनता भूलेगी नहीं।” उन्होंने ऐलान किया कि ब्राह्मण समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सपा अगस्त माह में एक राज्यव्यापी बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है।

​”बिना रिश्वत नहीं हो रहा कोई काम”

 

​देवबंद विधानसभा से सपा प्रत्याशी कार्तिकेय राणा ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप जड़े। राणा ने कहा कि प्रदेश में ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर आम जनता के रोजमर्रा के काम बिना रिश्वत के नहीं हो रहे हैं। सरकार के मंत्री और विधायक बेनामी संपत्तियों के मालिक बन बैठे हैं और छात्र विरोधी नीतियों के कारण इस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

​कार्यक्रम की रूपरेखा:

इस ‘पीडीए पंचायत’ की अध्यक्षता सपा जिला अध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने की। कार्यक्रम में पूर्व ब्लाक प्रमुख चौधरी परविंदर सिंह, सपा विधानसभा अध्यक्ष रमेश पवार, सपा नेत्री रूही अंजुम, वरिष्ठ नेता जसवीर वाल्मीकि और राव करी साजिद ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर सुखपाल राणा, दीपक राणा, मनोज त्यागी और गुलफाम अंसारी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मनदीप रमेश

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!