देवबंद में दुस्साहस: थार सवार युवक पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग, खेतों में भागकर बचाई जान
वारदात: पंचर की दुकान पर रुके युवक पर हमलावरों ने बरसाईं गोलियां। बचाव: सिर को छूकर निकली गोली, पीड़ित ने खेतों की तरफ भागकर बचाई जान। आरोप: छह नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस को दी गई तहरीर।
-
सहारनपुर (देवबंद)।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद अंतर्गत देवबंद थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। आज देवबंद के मंगलौर चौकी क्षेत्र के पास दिनदहाड़े एक थार सवार युवक को निशाना बनाते हुए बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पीड़ित किसी तरह खेतों की तरफ भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब रहा। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पंचर की दुकान पर थार रुकते ही आए हमलावर
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अपनी महिंद्रा थार गाड़ी (नंबर: UP11DE4823) से स्वाति स्वीट्स से साखन खुर्द गाँव की तरफ जा रहा था। जब वह मंगलौर चौकी क्षेत्र के पास मास्टर ढाबे के समीप ‘रजनीश पंचर वाले’ की दुकान पर गाड़ी का पंचर चेक कराने के लिए रुका, तभी घात लगाए हमलावरों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
चश्मदीदों के मुताबिक, पीड़ित उस समय गाड़ी की ड्राइवर सीट पर बैठा हुआ था और खिड़की का शीशा नीचे कर पंचर वाले को निर्देश दे रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। एक गोली पीड़ित के सिर को छूती हुई थार के सामने वाले शीशे को चीरकर आगे खड़े एक ट्रक के बोनट में जा धंसी।
खेतों में पीछा कर चलाईं 10-12 गोलियां
जान का खतरा भांपकर पीड़ित तुरंत गाड़ी से उतरा और खेतों की तरफ भागा। लेकिन बेखौफ हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और खेतों की तरफ भागते हुए पीड़ित पर करीब 10 से 12 राउंड दुस्साहसिक फायरिंग की। इस जानलेवा हमले में एक गोली गाड़ी की साइड खिड़की के लोहे पर भी जा लगी। गनीमत रही कि पीड़ित हमलावरों की गोलियों का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। पंचर दुकानदार रजनीश इस पूरी खौफनाक वारदात का मुख्य चश्मदीद गवाह है।
छह आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर
घटना के बाद पीड़ित ने थाना प्रभारी देवबंद को नामजद तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है और अपनी जान का गंभीर खतरा जताया है। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर में पारस (पुत्र संजय), संजय (पुत्र सुरेश), सत्यवान (पुत्र विनोद), विदुर उर्फ नीटू (पुत्र विनोद), शानू (पुत्र सत्यवान) और लड्डू (पुत्र सतीश) को नामजद करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का साफ आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब देखना यह होगा कि देवबंद पुलिस इन नामजद आरोपियों पर कितनी जल्दी शिकंजा कसती है और उन्हें सलाखों के पीछे भेजती है।